नए स्वरूप में विद्यमान भव्य घंटाकर्ण मंदिर का सीएम धामी 12 को करेंगे लोकार्पण






वाचस्पति रयाल—समीक्षा न्यूज  

नरेन्द्रनगर। समुद्र तल से 8 हजार फीट की ऊंचाई वाले क्वीली पट्टी के उच्च शिखर घंडियाल डांडा में नवनिर्मित भगवान घंटाकरण के भव्य मंदिर का लोकार्पण आगामी 12 नवंबर को प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे।

 इसी दिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के हाथों भगवान घंटाकरण के अनन्य भक्त भगत सिंह सजवाण की मूर्ति स्थापना हेतु मंदिर परिसर के मुख्य द्वार पर भूमि पूजन का कार्य भी संपन्न होगा।

  मुख्यमंत्री के इस कार्यक्रम को तय करने वाले क्षेत्रीय  विधायक और प्रदेश के कृषि मंत्री सुबोध उनियाल भी मुख्यमंत्री के साथ होंगे।

  उक्त आशय की जानकारी देते हुए घंटाकर्ण मंदिर धाम ट्रस्ट समिति के अध्यक्ष विजय प्रकाश बिजल्वाण तथा ट्रस्ट के मीडिया प्रभारी नरेंद्र बिजल्वाण ने बताया कि विगत कई वर्षों से निर्माणाधीन भगवान घंटाकर्ण के परम भक्तों के सहयोग से भव्य रूप में तैयार हो चुका है।

बताया कि भव्य मंदिर के लोकार्पण हेतु घंटाकरण धाम ट्रस्ट समिति के संरक्षक व प्रदेश के कृषि मंत्री सुबोध उनियाल के नेतृत्व में घंटाकर्ण मंदिर धाम ट्रस्ट समिति के अध्यक्ष विजय प्रकाश बिजल्वाण,उपाध्यक्ष (कृषि मंडी समिति के अध्यक्ष) वीर सिंह रावत व सदस्य विनोद बिजल्वाण ने देहरादून में प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर उन्हें घंडियाल डांडा मंदिर धाम आने का न्योता दिया। जिसे मुख्यमंत्री ने सहर्ष स्वीकृति प्रदान कर दी।

  आगामी 12 नवंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मंदिर लोकार्पण हेतु घंडियाल डांडा पहुंचने की खबर से क्षेत्रवासियों में खुशी और उत्साह की लहर है।

  मुख्यमंत्री के आगमन के लिए न्योता देने को गये क्षेत्रीय विधायक और प्रदेश के कृषि मंत्री सुबोध उनियाल की ऊंची राजनीतिक पहुंच,सूझ-बूझ व विकास कार्यों को करवाने की क्षमता की क्षेत्रवासियों ने भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए उनके साथ मुख्यमंत्री से मिलने गए मंदिर धाम ट्रस्ट समिति के अध्यक्ष विजय प्रकाश बिजल्वाण,उपाध्यक्ष- वीर सिंह रावत व सदस्य विनोद बिजल्वाण का भी आभार प्रकट किया है।

  क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि घंटाकरण धाम मंदिर के लोकार्पण के अवसर पर प्रदेश के युवा,काम के प्रति लगन व निष्ठा तथा धार्मिक परंपराओं के प्रति आस्थावान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी निश्चित ही कृषि मंत्री सुबोध उनियाल की विकास परक सोच के अनुरूप क्षेत्र को विकास योजनाओं की नयी सौगातें देकर क्षेत्रवासियों का दिल जीतने का काम करेंगे।

 भव्य मंदिर के लोकार्पण कार्यक्रम में आने की मुख्यमंत्री की  स्वीकृति मिलने पर नगर पंचायत गजा की अध्यक्ष श्रीमती मीना खाती, भाजपा जिला प्रवक्ता गजेंद्र सिंह खाती,राजेंद्र सिंह खाती, मान सिंह चौहान,अरविंद उनियाल,प्रगतिशील जन विकास संगठन गजा के अध्यक्ष दिनेश प्रसाद उनियाल,कुंवर सिंह रावत, शिवप्रसाद बिजल्वाण, कुलबीर सिंह सजवाण, ईश्वरी प्रसाद बिजल्वाण,सुभाष सजवाण आदि ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा है कि क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध प्रदेश के युवा मुख्यमंत्री जहां घंटाकरण धाम मंदिर पहुंचकर भगवान घंटाकरण जहाँ मन्नतें पूर्ण करेंगे,वहीं क्षेत्र के विकास के लिए मुख्यमंत्री कई सौगातें देकर अवश्य ही क्षेत्र की जनता का दिल जीत कर उनमें उत्साह का नया संचार करेंगे।

  मंदिर धाम ट्रस्ट समिति के मीडिया प्रभारी नरेंद्र बिजल्वाण ने बताया कि भव्य मंदिर लोकार्पण से पूर्व बहुत जल्द मंदिर समिति की एक आवश्यक बैठक होने जा रही है। जिसमें लोकार्पण कार्यक्रम की रूपरेखा तय की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments