अपने काम का लोहा मनाने वाली उत्तराखंड की 11 महिलाओं को मिला कल्याणी सम्मान

समीक्षा न्यूज—वाचस्पति रयाल

टिहरी से सुषमा बहुगुणा रही सम्मान का हकदार



नरेन्द्रनगर। देश की राजधानी दिल्ली में स्थित कल्याणी सामाजिक संस्था द्वारा सामाजिक, सांस्कृतिक, साहित्यिक तथा विकट परिस्थितियों से मुकाबला करने वाली उत्तराखंड की 11 महिलाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर चतुर्थ कल्याणी सम्मान समारोह -2023 के लिए चयनित किया गया।

12 मार्च को दिल्ली स्थित गढ़वाल भवन में आयोजित एक भव्य समारोह में कल्याणी सामाजिक संस्था द्वारा चौथे कल्याणी सम्मान समारोह आयोजित कर विभिन्न क्षेत्रों में अपनी खास पहचान बनाने वाली उत्तराखंड की इन 11 महिलाओं को आकर्षक पुरस्कारों से नवाजा गया। बताते चलें कि विगत 8 मार्च  अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर घोषित यह पुरस्कार अंतर्राष्ट्रीय महिला पुरस्कार स्वरूप ही प्रदान किया गया समझा जाएगा।

विदित हो कि कल्याणी सामाजिक संस्था द्वारा सामाजिक, सांस्कृतिक, साहित्यिक तथा विकट परिस्थितियों में साहसिक कार्य करते हुए समाज व क्षेत्र में अपनी खास पहचान बनाने वाली महिलाओं के सम्मान में यह भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। अपने कार्यों के दम पर समाज को एक नई दिशा और दशा देते हुए औरों के लिए प्रेरणा के रूप में आगे आने वाली इन महिलाओं में ऊर्जा का नया संचार उत्पन्न करने के मकसद से संस्था द्वारा यह चौथा कल्याणी सम्मान समारोह आयोजित किया गया।



गढ़वाल भवन में उत्कृष्ट कार्यों के लिए जिन 11 महिलाओं को सम्मानित किया गया है। उन सम्मानित होने वाली महिलाओं में ग्राम सावली टिहरी गढ़वाल की श्रीमती सुषमा बहुगुणा, गांधीग्राम घुड़दौड़ी जिला पौड़ी की श्रीमती सरिता नेगी, ग्राम फरसारी बागेश्वर की सुश्री दीपा नगरकोटी, भटवाड़ी उत्तरकाशी की गीता गैरोला, स्वतंत्रता सेनानी भवन पौड़ी की श्रीमती ऋतुराज, लैंसडाउन पौड़ी की श्रीमती भावना वर्मा,बैंजवाड़ी जिला पौड़ी की श्रीमती मधु खुगशाल, नैनीताल जिले की सुश्री कविता बिष्ट, गिंवाली जि०पौड़ी की श्रीमती पूनम कैंतुरा, थनूल जि० पौड़ी की महेश्वरी देवी तथा मल्ली बमोरी जि० नैनीताल की श्रीमती प्रियंका जोशी शामिल हैं। इन महिलाओं को उक्त संस्था द्वारा सम्मानित किये जाने की सूचना से अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर विगत 8 मार्च को अवगत करा दिया गया था। अपने को सम्मान के लिए चुने जाने की  सूचना पाते ही महिलाओं में जबरदस्त उत्साह देखा गया है। संस्था की संस्थापक अध्यक्ष बबीता नेगी का कहना है कि यह सम्मान समारोह उन महिलाओं को समर्पित है, जिन्होंने समाजोत्थान व समाज के हित में अलग-अलग क्षेत्रों में काम करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी खास और अलग पहचान समाज में बनाई है। अध्यक्ष बबीता नेगी का कहना है कि समाज सुधार में महिलाओं की भूमिका नकारी नहीं जा सकती। कहा कि जो महिलाएं समाज उत्थान के लिए निरंतर प्रयासरत हैं, उन्हें प्रोत्साहित कर प्रेरणा के रूप में औरों को भी प्रेरित करना संस्था का उद्देश्य है। समाजोत्थान के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाएं समाज के अंदर कल्याणी के रूप में जानी पहचानी जाँए। इसी ही सोच के साथ संस्था के नाम भी साफ तौर पर परिलक्षित होता है। अध्यक्ष बबीता नेगी ने कहा कि आज के दौर में विकृत हो गए सामाजिक ताने-बाने को बचाये रखने व समाज सेवा करते हुए अपनी खास पहिचान बनाने वाले शख्सियतों को समाज के दर्पण के रूप में आगे लाने का काम संस्था करती रहेगी। ऐसे लोगों का नाम संस्था तक पहुंचाए जाएं। ताकि संस्था उनके कार्यक्षेत्र में जाकर कार्य की जांच-परख कर कर्मशील महिलाओं को समाज के बीच प्रेरणा स्तंभ के रूप में  आगे लाकर उनके कार्यों को प्रचारित -प्रसारित कर सके। उद्यमिता के क्षेत्र में स्वरोजगार को बढ़ावा देने वाली टिहरी गढ़वाल की श्रीमती सुषमा बहुगुणा सहित सम्मानित होने वाली सभी महिलाओं ने संस्था अध्यक्ष बबीता नेगी का आभार जताते हुए कहा है कि उनके प्रयासों व प्रेरणा से काम करने के प्रति उनमें कर्तव्य परायणता के प्रति नए उत्साह का संचार हुआ है। सम्मानित हुई महिलाओं ने कहा कि सम्मान पाने के बाद कार्य के प्रति और भी जिम्मेदारियां बढ़ गई हैं। टिहरी जिले की सुषमा बहुगुणा ने कहा की महिलाओं में अपने कार्यों के प्रति जबरदस्त उत्साह था और सभी का कहना था कि अब वह और अधिक जिम्मेदारी के साथ अपने कार्यों का निर्वहन करेंगी। कार्यक्रम में मौजूद जानी-मानी हस्तियों में उत्तराखंड की प्रसिद्ध लोक गायिका मीना राणा बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम में शामिल थी। जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रसिद्ध लोक गायिका लक्ष्मी रावत, पूनम सती, गीता उनियाल अभिनेत्री रेशमा शाह आदि उपस्थित थे। जनपद टिहरी से सम्मानित होने वाली श्रीमती सुषमा बहुगुणा के कार्यों की सराहना करते हुए चिपको आंदोलन के प्रख्यात नेता धूम सिंह नेगी, बीज बचाओ आंदोलन के नेता विजय जड़धारी, प्रगतिशील जन विकास मंच के अध्यक्ष दिनेश प्रसाद उनियाल, शक्ति प्रसाद जोशी, साहब सिंह सजवाण,रघु भाई जड़धारी, विक्रम सिंह रावत, सोमवारी लाल सकलानी सहित अनेक लोगों ने जहां सम्मानित होने वाली सुषमा बहुगुणा सहित सभी सम्मानित होनेवाली महिलाओं के कार्यों की प्रशंसा की है, वहीं संस्था अध्यक्ष बबीता नेगी द्वारा संस्था का निर्माण कर जागरूक व कर्मयोगी महिलाओं को प्रेरित करने की सम्मानजनक प्रयासों की जमकर सभी ने प्रशंसा की है।

Post a Comment

0 Comments