बाबू जी ने रामभक्तों पर गोली चलवाने की जगह मुख्यमंत्री पद को त्याग करना चुना : अमित शाह






समीक्षा न्यूज नेटवर्क

कल्याण सिंह ने श्रीराम के लिए छोड़ी थी राजगद्दी, आज पूरा हो रहा उनका सपनाः सीएम योगी  

- पूर्व मुख्यमंत्री व राज्यपाल कल्याण सिंह की द्वितीय पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री ने अर्पित की श्रद्धांजलि 

- अलीगढ़ में अमित शाह के साथ श्रद्धांजलि सभा में शामिल हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 

- सभी मनोरथ होते हैं पूरे, तब डबल इंजन को मिलता है जनता का आशीर्वाद : योगी 

- बोले मुख्यमंत्री, अपने भव्य मंदिर में जब विराजमान होंगे प्रभु श्रीराम, तब कल्याण सिंह जी की आत्मा देगी हम सभी को आशीर्वाद

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. कल्याण सिंह जी की द्वितीय पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में सम्मिलित हुए

शाह ने कहा- बाबू जी के काम को तेज गति से आगे बढ़ा रहे हैं प्रधानमंत्री मोदी

बोले शाह- बाबू जी ने पिछड़ी जातियों को संबल प्रदान करने का कार्य किया

अलीगढ़। श्रद्धेय बाबू कल्याण सिंह जी ने अपने लिए राजगद्दी प्राप्त करने से महत्वपूर्ण प्रभु श्रीराम के चरणों में उसको समर्पित करने का कार्य किया था। राममंदिर के लिए जो अभियान 1990 से लेकर 1992 और उसके बाद तक चला, उसी का परिणाम है कि आज प्रभु श्रीराम की पावन जन्मभूमि अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण हो रहा है। जब जनवरी 2024 में पांच सौ वर्षों का इंतजार समाप्त करके भगवान श्रीराम अपने भव्य मंदिर में विराजमान होकर हमें आशीर्वाद दे रहे होंगे तो श्रद्धेय बाबूजी की आत्मा को असीम संतुष्टि मिलेगी। उनकी आत्मा हमें आशीर्वाद देगी कि जिस कार्य के लिए उन्होंने राजसत्ता को छोड़ा था, आज वो सपना साकार हुआ है। ये बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व मुख्यमंत्री व राज्यपाल कल्याण सिंह की द्वितीय पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा के दौरान कहीं। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह भी मौजूद रहे। 

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि कल्याण सिंह (बाबू जी) पिछड़ों और गरीबों की असीम संवेदना के प्रतीक थे। बाबू जी ने कभी जातिवाद की बात नहीं की बल्कि पिछड़ी जातियों को संबल प्रदान करने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी भारतीय पिछड़ा जाति आयोग को संवैधानिक दर्जा देकर पिछड़ी जातियों को सशक्त करने का कार्य कर रहे हैं। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि वो वक्त था, जब राम भक्तों का सैलाब अयोध्या में उमड़ पड़ा। लोगों ने दबाव बनाया कि गोलियां चलाकर कार सेवकों को रोका जाना चाहिए। बाबूजी ने बड़ा निर्णय लिया कि मैं गोली नहीं चलाऊंगा, मैं मुख्यमंत्री पद त्याग दूंगा। ये बड़ा बलिदान था।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सोमवार को उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. कल्याण सिंह जी की द्वितीय पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि पिछड़ा समाज के कल्याण के लिए बाबू जी ने जिन कार्यों की शुरुआत की थी, 2014 से प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हीं कार्यों को आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी श्री रामजन्मभूमि के मामले को लटका कर रखी थी, जिसका निराकरण प्रधानमंत्री मोदी की सरकार में हुआ। गरीब कल्याण, पिछड़ों को सम्मान और राम मंदिर के अधूरे काम को नौ वर्षों में अंजाम तक पहुंचाने का कार्य किया।

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि श्रद्धेय कल्याण सिंह 'बाबू जी' ने तीन लक्ष्यों पर जोर दिया था। पहला था श्री राम जन्म भूमि आंदोलन को गति देना, दूसरा था गरीब कल्याण व तीसरा था सामाजिक सद्भाव बिगाड़े बगैर पिछड़े समाज का कल्याण हो। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बाबू जी के काम को तेज गति से आगे बढ़ा रहे हैं। करोड़ों गरीबों के घर पानी, बिजली की सुविधाएं पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 2014 के लोकसभा चुनाव में जब प्रभारी बनकर आया था तो मुझे उत्तर प्रदेश का एकदम ज्ञान नहीं था। बाबू जी ने 11 घंटे बैठाकर उत्तर प्रदेश की हर जनपद की बारीकियों से अवगत कराया। हर रोज दो बार वे फोन पर मार्गदर्शन करते थे। इसके नतीजे ये आए, कि उत्तर प्रदेश में हर रिकॉर्ड टूट गए। अमित शाह ने कहा, देश के करोड़ों कार्यकर्ताओं की ओर से बाबू जी को श्रद्धांजलि देता हूं।

एकात्म मानववाद के अनुसार था बाबूजी का जीवन 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि श्रद्धेय बाबू कल्याण सिंह को जब भी पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद पर विचार व्यक्त करने का अवसर मिला तो उन्होंने हर बार इस बात को स्पष्टता के साथ कहा कि पेट को आहार, मन को प्यार, मस्तिष्क को विचार और आत्मा को संस्कार का समुच्चय ही एकात्म मानववाद है। इसी के अनुसार कल्याण सिंह जी ने अपना जीवन जिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रद्धेय बाबूजी की आज द्वितीय पुण्यतिथि के अवसर पर हम हिन्दू गौरव दिवस के रूप में उन्हें स्मरण कर रहे हैं। हम सब इस बात को जानते हैं कि पहली बार 1991 में जब कल्याण सिंह जी के नेतृत्व में भाजपा सरकार बनी तब प्रदेश में सुरक्षा और सुशासन का माहौल बना। आज का दिन अद्भुत संगम का दिन है, जब विश्व उद्यमिता दिवस और नाग पंचमी का पवित्र पर्व भी है। 

मूर्त रूप ले रही हैं विकास की बड़ी योजनाएं  

मुख्यमंत्री ने विश्व उद्यमिता दिवस पर भारत के करोड़ों उद्यमियों को इस बात के लिए धन्यवाद और बधाई दी कि आज पूरी दुनिया में मेक इन इंडिया की धमक बढ़ी है। मुख्यमंत्री ने इस बात का विशेष रूप से उल्लेख किया कि 1991 में कल्याण सिंह ने अलीगढ़ के उद्यमियों को नई पहचान देने के लिए ताला नगरी का गठन किया था। सीएम योगी ने कहा कि 2017 में जब प्रदेश में भाजपा सरकार का गठन हुआ, तब प्रदेश के परंपरागत उद्यम को बढ़ावा देने और एमएसएमई सेक्टर को नई पहचान देने के लिए ओडीओपी का कार्य प्रारंभ हुआ। उन्होंने कहा कि आज अलीगढ़ को उसके ओडीओपी के कारण वैश्विक मान्यता प्राप्त हो रही है। ये कार्य इसलिए संपन्न हुआ कि डबल इंजन सरकार की ताकत जब आम जनता के आशीर्वाद से आगे बढ़ती है तो हर मनोरथ पूर्ण होते हैं। आज अयोध्या में भव्य मंदिर बन रहा है, वहीं काशी विश्वनाथ धाम, ब्रजतीर्थ का विकास और विकास की सभी बड़ी परियोजनाएं जिनके बारे में कभी सोचा भी नहीं गया था, वो सब आज मूर्त रूप लेती दिखाई देती हैं। 

कल्याण सिंह के नाम पर प्रदेश के सबसे बड़े कैंसर संस्थान का नामकरण 

मुख्यमंत्री ने बताया कि बाबूजी के पुण्यतिथि के अवसर पर यूपी के सबसे बड़े कैंसर संस्थान का नामकरण श्रद्धेय बाबू कल्याण सिंह कैंसर सुपर स्पेशिलिटी हॉस्पिटल के रूप में किया गया है। इसके अलावा बुलंदशहर, जो कभी बाबूजी की कर्मभूमि रही है, वहां निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज भी श्रद्धेय कल्याण सिंह के नाम पर रखा गया है, इसका काम तेजी से चल रहा है। आने वाले समय में बुलंदशहर और आसपास के युवाओं को उस मेडिकल कॉलेज में प्रवेश मिलना शुरू हो जाएगा। 

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल,  उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी, राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया, एटा के सांसद व स्व. कल्याण सिंह के पुत्र राजवीर सिंह 'राजू भैया' सहित केंद्र और प्रदेश के अनेक मंत्रीगण, सांसद-विधायक व अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।


Comments

Popular posts from this blog

जिला स्तरीय जाति प्रमाण पत्र सत्यापन समिति की बैठक जिलाधिकारी श्री इन्द्र विक्रम सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न

प्रेम, खुशहाली और एकता का प्रतीक होली का पर्व: ऋषभ राणा

शिक्षा के साथ—साथ बच्चों में संस्कृति और सभ्यता का भी ज्ञान होना चाहिए:माननीय राज्यपाल महोदया श्रीमती आनंदीबेन पटेल