इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में नाम दर्ज कराने पर छात्रा सांची भाटिया को जिलाधिकारी द्वारा किया गया सम्मानित
गौतमबुद्धनगर। जिलाधिकारी गौतम बुद्ध नगर मनीष कुमार वर्मा द्वारा आज अपने कार्यालय कक्ष में नोएडा स्थित मिलेनियम स्कूल, सेक्टर-119 की होनहार छात्रा सांची भाटिया को इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में नाम दर्ज कराने पर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने सांची को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इतनी कम उम्र में यह उपलब्धि अत्यंत प्रेरणादायक है।
सांची भाटिया ने महज 5 वर्ष और 4 माह की उम्र में अंग्रेजी वर्णमाला को उल्टे क्रम (जेड से ए) में मात्र 4 सेकंड में सुनाकर यह रिकॉर्ड अपने नाम किया। इस उपलब्धि को 27 फरवरी, 2025 को आधिकारिक मान्यता प्राप्त हुई तथा उन्हें 8 अप्रैल, 2025 को आईबीआर अचीवर' पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
रिकॉर्ड दर्ज करते समय सांची केजी कक्षा की छात्रा थीं, जो अब कक्षा 1 में पदोन्नत हो चुकी हैं। अपने विद्यालय में वे अपने उत्साही व्यक्तित्व, सहयोगी व्यवहार और नवीन मित्रता की प्रवृत्ति के लिए जानी जाती हैं। उनका मिलनसार स्वभाव उन्हें सभी में प्रिय बनाता है।
सांची नोएडा के सेक्टर-120 स्थित आम्रपाली जोडिएक सोसायटी में अपने परिवार के साथ निवास करती हैं। उनके पिता एक अकाउंट्स प्रोफेशनल हैं और माता बेसिक शिक्षा विभाग में प्राथमिक शिक्षिका के रूप में कार्यरत हैं। माता-पिता के निरंतर मार्गदर्शन और प्रोत्साहन ने सांची के आत्मविश्वास और प्रतिभा को दिशा दी है।
विद्यालय और जनपदवासी इस उपलब्धि पर गौरवान्वित हैं। यह सफलता न केवल सांची की मेहनत और स्मरणशक्ति को दर्शाती है, बल्कि अन्य बालकों के लिए भी एक प्रेरणा स्त्रोत है। निश्चित रूप से सांची भविष्य में और भी कीर्तिमान स्थापित करेंगी।
Comments
Post a Comment