पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होल्कर त्रिशताब्दी अभियान का भव्य समापन, गाजियाबाद में एनजीओ संगोष्ठी का आयोजन
गाजियाबाद। पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होल्कर जी की 300वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित त्रिशताब्दी समारोह श्रृंखला का समापन गाजियाबाद में एक भव्य एनजीओ संगोष्ठी के साथ हुआ। यह आयोजन भाजपा गाजियाबाद महानगर द्वारा नेहरू नगर स्थित भाजपा कार्यालय में किया गया, जिसमें जिले के प्रमुख सामाजिक संगठनों, गणमान्य अतिथियों और भाजपा पदाधिकारियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत लोकमाता पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होल्कर जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पण से हुई। सभी अतिथियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने श्रद्धा भाव से उन्हें नमन किया तथा उनके दिखाए सेवा, न्याय और जनकल्याण के मार्ग का अनुसरण करने का संकल्प लिया।
संगोष्ठी का उद्देश्य जहां अहिल्याबाई होल्कर जी को श्रद्धांजलि अर्पित करना था, वहीं यह समाजसेवा में कार्यरत संगठनों के बीच संवाद, समीक्षा और आगे की दिशा तय करने का मंच भी बना।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, उत्तर प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री श्री नरेंद्र कश्यप ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा, “अहिल्याबाई जी ने अपने शासनकाल में नारी सशक्तिकरण और जनहितकारी कार्यों के जो मानक स्थापित किए, वे आज भी प्रासंगिक हैं। उनके जीवन से प्रेरणा लेकर आज हम समाज को सकारात्मक दिशा देने के लिए कटिबद्ध हैं। इस त्रिशताब्दी अभियान के माध्यम से प्रदेश सरकार और भाजपा संगठन समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़कर जनकल्याण के लक्ष्यों की दिशा में कार्य कर रहे हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “हमें यह बताते हुए प्रसन्नता है कि प्रदेश स्तर पर आयोजित ‘अहिल्याबाई होल्कर ऑनलाइन क्विज’ प्रतियोगिता में गाजियाबाद के बच्चों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। (8-15 वर्ष) आयु वर्ग में तनु, तनु और दिया तथा (16-25 वर्ष) आयु वर्ग में रोहित, वैष्णवी तोमर और मीनाक्षी ने प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त कर जिले को गौरवान्वित किया है।”
मुख्य अतिथि श्री नरेंद्र कश्यप, अति विशिष्ट अतिथि राखी त्यागी और महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल द्वारा इन बच्चों को प्रतीक चिन्ह भेंट कर और पटका पहनाकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर निवर्तमान महिला आयोग सदस्य राखी त्यागी ने कहा, “पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होल्कर जी का जीवन समाज के लिए सेवा, न्याय और कल्याण का प्रतीक है। इस संगोष्ठी के माध्यम से सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर हम सकारात्मक बदलाव की दिशा में ठोस संकल्प ले सकते हैं। युवा पीढ़ी का इस अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेना निःसंदेह भविष्य के लिए आशाजनक संकेत है।”
भाजपा गाजियाबाद महानगर अध्यक्ष श्री मयंक गोयल ने एनजीओ की भूमिका की सराहना करते हुए कहा, “समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में सामाजिक संगठनों की सहभागिता अहम है। हम सभी को अहिल्याबाई होल्कर जी के मूल्यों को आत्मसात कर जनकल्याण के कार्यों को और आगे बढ़ाना चाहिए।”
कार्यक्रम में गाजियाबाद की अनेक प्रमुख सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि, एनजीओ अध्यक्षगण, संस्थापकगण और भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए। संगोष्ठी में त्रिशताब्दी अभियान की प्रमुख उपलब्धियों का सिंहावलोकन किया गया और उल्लेखनीय कार्य करने वाले संगठनों को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम के संचालन में महानगर मुख्य संयोजक बॉबी त्यागी, सचिन डेढ़ा, अनीता शर्मा, गौरव चोपड़ा, गुंजन शर्मा, विनोद कसाना, सुरेन्द्र नागर, सुधीर त्यागी, बलराम रावल, संदीप चौधरी आदि ने सक्रिय भूमिका निभाई।
पूरे अभियान के दौरान मीडिया समन्वय की जिम्मेदारी भाजपा गाजियाबाद महानगर के मीडिया प्रभारी श्री प्रदीप चौधरी द्वारा निभाई गई।
यह समापन समारोह पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होल्कर जी के सेवा, नारी सशक्तिकरण और जनकल्याण के मूल्यों को समाज में आगे बढ़ाने की दिशा में एक प्रेरणादायी प्रयास सिद्ध हुआ।
इस कार्यक्रम के दौरान पूर्व चेयरमैन रीना भाटी, राजेश त्यागी, संजीव चौधरी, कुलदीप त्यागी, इंदु जौहरी, रनिता सिंह, ऋचा भदौरिया, एनजीओ से ज्योति तोमर, शैली सेठी, मंजू सिंह, काजल छिब्बर, ज्योति चौहान, प्रियंका , सुदर्शन महाराज सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे। सभी का अतिथियों एवं महानगर अध्यक्ष ने पटका पहनकर स्वागत अभिनंदन किया।
Comments
Post a Comment